March 4, 2026

गरियाबंद : सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन

एआई, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबर 1930 की दी गई जानकारी, डिजिटल युग में सुरक्षित व्यवहार का संदेश

गरियाबंद, 11 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री बीएस उइके के निर्देश पर सुरक्षित इंटरनेट दिवस (सेफर इंटरनेट डे) के अवसर पर कलेक्टोरेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में एनआईसी के उपनिदेशक द्वारा इंटरनेट के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए इंटरनेट की मूल अवधारणा, दैनिक जीवन में इंटरनेट का उपयोग, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल, एआई से जुड़े सामान्य साइबर खतरे, साइबर हाइजीन प्रैक्टिसेज तथा साइबर अपराध रिपोर्टिंग तंत्र की जानकारी दी। इस दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में भी बताया गया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिज्ञासाओं से संबंधित प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। वक्ताओं ने बताया कि इंटरनेट आज डिजिटल युग में जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है, लेकिन इसके साथ साइबर धोखाधड़ी, फिशिंग, डेटा चोरी और ऑनलाइन ठगी जैसे खतरे भी तेजी से बढ़े हैं। इसलिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला में यह भी जागरूक किया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर घटना की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा www.staysafeonline.in जैसे अधिकृत माध्यमों का उपयोग करें।

इस अवसर पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री मिथिलेश देवांगन ने प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने एआई के बढ़ते उपयोग, उससे जुड़े संभावित जोखिमों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यशाला के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय अपनाने और साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।