May 15, 2026

गरियाबंद में पुलिस की पहल: आत्महत्या के बीच युवाओं को करियर गाइडेंस, मोबाइल छोड़ परिवार से जुड़ने की सलाह

गरियाबंद:
जहां एक ही थाना क्षेत्र में 15 दिनों के भीतर 3 युवाओं की आत्महत्या ने चिंता बढ़ा दी है, वहीं पुलिस ने सकारात्मक पहल करते हुए करियर गाइडेंस कैंप का आयोजन किया। देवभोग थाना परिसर में प्रभारी एसपी नीरज चंद्राकर ने 100 से अधिक युवाओं को मार्गदर्शन दिया और जीवन में सही दिशा चुनने के लिए प्रेरित किया।

एसपी चंद्राकर ने युवाओं से कहा कि मुश्किल समय में मोबाइल नहीं, बल्कि परिवार को सहारा बनाना चाहिए। उन्होंने सफलता को संपत्ति से नहीं, बल्कि संतुष्टि से जोड़ते हुए नशे से दूर रहने और गलत रास्ते से बचने की सलाह दी।

उन्होंने अपनी प्रेरक कहानी साझा करते हुए बताया कि कम अंकों के बावजूद लक्ष्य और सकारात्मक सोच के दम पर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की। युवाओं को ग्रुप स्टडी, सही डाइट, गाइडेंस और बेहतर स्वास्थ्य को सफलता के जरूरी तत्व बताया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक भी शामिल हुए और पुलिस की इस पहल की सराहना की।

क्षेत्र में हाल ही में हुई आत्महत्या की घटनाओं पर एसपी ने कहा कि ज्यादातर मामलों में स्पष्ट लक्ष्य की कमी और मोबाइल की अधिकता जैसी वजह सामने आई। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि परेशानी में परिवार से संवाद करें और मानसिक दबाव को अकेले न झेलें।

इस दौरान एसपी ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जो युवा रायपुर में पीएससी की तैयारी करना चाहते हैं, उन्हें निःशुल्क कोचिंग दिलाने की जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे। साथ ही पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए फिजिकल और लिखित परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।