May 18, 2026

सुपेबेड़ा में बदल रही तस्वीर: शादी-ब्याह बढ़े, योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर ने अधिकारियों को लगाई फटकार

देवभोग पहुंचकर कलेक्टर ने योजनाओं की समीक्षा की
गरियाबंद। कलेक्टर भगवान सिंह उईके शुक्रवार को देवभोग पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर और एसपी वेदव्रत सिरमौर्य भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सुपेबेड़ा गांव का दौरा, ग्रामीणों से की चर्चा
गरियाबंद। समीक्षा बैठक के बाद कलेक्टर ने सुपेबेड़ा गांव का दौरा किया। यहां उन्होंने सजे-धजे शादी-विवाह के मंडपों को देखकर ग्रामीणों और महिला समूहों से करीब आधे घंटे तक चर्चा की। कलेक्टर ने गांव में उपलब्ध सुविधाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की जानकारी भी ली।

कलेक्टर बोले – बदल रहा है सुपेबेड़ा गांव
गरियाबंद। कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुपेबेड़ा गांव अब बदल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले यहां खराब पानी और उससे होने वाली किडनी की बीमारी के कारण शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम नहीं होते थे, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और गांव में वैवाहिक कार्यक्रमों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने इसे सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का सकारात्मक परिणाम बताया।

आंगनबाड़ी भर्ती में देरी पर अधिकारियों को नोटिस
गरियाबंद। जनपद सभा कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने आवास योजना और मनरेगा के कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित सचिवों को फटकार लगाई और जनपद सीईओ को सतत निगरानी के निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ियों में स्वीकृत 7 पदों की भर्ती में देरी पर परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बैठक में किसानों से जुड़ी योजनाओं, बैंक बोनस भुगतान, एलपीजी गैस उपलब्धता, नोनी सुरक्षा योजना और टीकाकरण सहित 30 से अधिक योजनाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने चखा स्ट्रॉबेरी का स्वाद
गरियाबंद। दौरे के दौरान अधिकारियों ने उद्यानिकी विभाग की पहल पर करचिया गांव में किसान धनीराम की खेती का भी निरीक्षण किया। यहां करीब 5 एकड़ में पाम ऑयल की खेती की जा रही है। किसान की बाड़ी में स्ट्रॉबेरी की खेती देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए और उन्होंने स्ट्रॉबेरी का स्वाद भी चखा।

नवाचार करने वाले किसानों को प्रोत्साहन देने के निर्देश
गरियाबंद। किसान परिवार के कृषि नवाचार और खेती के प्रति समर्पण को देखकर अधिकारी काफी प्रभावित हुए। किसान ने बताया कि उनके परिवार की तीसरी पीढ़ी भी उन्नत खेती और कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा ले रही है। इस पर कलेक्टर ने ऐसे नवाचार करने वाले किसानों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए।