May 13, 2026

सुशासन तिहार में विधायक के बिगड़े बोल, पटवारी को ‘चप्पल से पीटने’ वाले बयान पर विवाद

गरियाबंद। Chhattisgarh में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चल रहे “सुशासन तिहार 2026” के बीच गरियाबंद जिले से विवादित मामला सामने आया है। छुरा ब्लॉक के पाटसिवनी में आयोजित समाधान शिविर के दौरान बीजेपी विधायक Rohit Sahu के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 5 मई को ग्राम पाटसिवनी में आयोजित जनसभा के दौरान एक ग्रामीण ने स्थानीय पटवारी पर घूस लेने का मौखिक आरोप लगाया। इस पर विधायक रोहित साहू ने मंच से ही नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित पटवारी को तत्काल हटाने की बात कही। उन्होंने कलेक्टर से जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की।

विवाद तब बढ़ गया जब विधायक ने मंच से कहा कि यदि पटवारी द्वारा 40 हजार रुपये रिश्वत लेने की बात साबित हुई तो उसकी “चप्पल से पिटाई” करेंगे। विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पटवारी संघ ने जताई नाराजगी

विधायक के बयान से नाराज राजस्व पटवारी संघ तहसील शाखा-छुरा ने लिखित ज्ञापन जारी कर इसकी निंदा की है। संघ ने इसे कर्मचारियों का अपमान बताते हुए “सुशासन तिहार 2026” के बहिष्कार की बात कही है।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। एक ओर रिश्वतखोरी की शिकायत सामने आने से सिस्टम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए हैं, वहीं जनप्रतिनिधि की भाषा और व्यवहार को लेकर भी बहस छिड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल समाधान शिविर आयोजित करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है।