गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत भाटापानी के आश्रित ग्राम कमारपारा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ एक सहायक शिक्षक का कक्षा के अंदर कथित तौर पर महुआ शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। मामले में बीईओ ने सहायक शिक्षक को शो कॉज नोटिस जारी किया है।
कक्षा के अंदर शराब पीने का वीडियो वायरल
मामला ग्राम कमारपारा प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक सतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें शिक्षक कक्षा के भीतर मौजूद दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसके नशे में होने का दावा किया गया है और शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और सहायक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
मैनपुर के अंदरूनी क्षेत्रों में स्कूल परिसर से इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। करीब दो माह पहले इसी विकासखंड में स्कूल के कमरे में शराब पार्टी करने का वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित शिक्षकों को निलंबित किया गया था।
बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने से स्कूलों की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की मॉनिटरिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब शो कॉज नोटिस के जवाब और विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





