गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पिछले करीब 50 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब विकास कार्यों पर भी पड़ने लगा है। उदंती नदी पर ओडिशा सरकार की ओर से बनाया जा रहा निर्माणाधीन पुल तेज बहाव और बढ़े जलस्तर का दबाव नहीं झेल सका और भरभराकर ढह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पुल पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन यह पुल गरियाबंद जिले के अमलीगांव को ओडिशा के चार गांवों से जोड़ने के उद्देश्य से बनाया जा रहा था। पुल के निर्माण के बाद दोनों राज्यों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद थी।
लगातार हो रही बारिश के कारण उदंती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी में तेज बहाव के चलते निर्माणाधीन पुल के ढांचे पर अत्यधिक दबाव पड़ा और वह अचानक ढह गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुल का हिस्सा नदी में गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
पुल के गिरने से दोनों राज्यों के बीच प्रस्तावित संपर्क मार्ग का कार्य फिलहाल बाधित हो गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। साथ ही पुल ढहने के कारणों की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।
लगातार बारिश के कारण गरियाबंद जिले में कई नदी-नाले उफान पर हैं और प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों तथा नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है। वहीं पुल ढहने की घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।





