May 14, 2026

पानी संकट से नाराज ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

गरियाबंद। जिले के पोड़ गांव में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए। पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर बर्तन और बाल्टी रखकर नारेबाजी करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, पोड़ गांव के ग्रामीण लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी का संकट और गहरा गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।

समस्या के विरोध में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

चक्काजाम की सूचना मिलने पर पाण्डुका पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर सड़क से जाम हटाया।