गरियाबंद:
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक महिला की अपनी सहेलियों द्वारा बर्बर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सुमित्रा नेताम (37) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह वारदात समाज में बदनाम करने और चरित्र पर आरोप लगाने की रंजिश के कारण अंजाम दी गई।

मामला मैनपुर ब्लॉक के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरीबा का है। आरोपी सुगतिन नेताम (36) और ईतवारिन बाई (46) लंबे समय से सुमित्रा से नाराज थीं और उनके चरित्र को लेकर गांव में आरोप लगा रही थीं।
घटना मंगलवार के दोपहर हुई। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने सुमित्रा को उसके घर में बुरी तरह पीटा। पहले उसके गुप्तांग में लाल मिर्च और अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर तड़पाया, फिर डंडे और लात-घूंसों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं को घटना के बाद फरार होने की कोशिश के दौरान देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी नकुल सिदार ने कहा कि दोनों आरोपी हिरासत में हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





