गरियाबंद। सर्व शिक्षक संघ जिला गरियाबंद ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू के नेतृत्व में पहुंचे संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक हित से जुड़े कई मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग
संघ ने बताया कि सहायक शिक्षक ई/टी संवर्ग की अंतिम वरिष्ठता सूची अब तक जारी नहीं हुई है। कार्यालय द्वारा 10 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से 18 जून तक प्रतिवेदन मांगा गया था। इसके बावजूद करीब दो माह बाद भी अंतिम सूची जारी नहीं हो सकी है।
संघ का कहना है कि अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने के बाद ही पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। ऐसे में सूची जारी करने में हो रही देरी से शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षक गौरव अलंकरण समारोह जल्द कराने की मांग
ज्ञापन में मुख्यमंत्री शिक्षक गौरव अलंकरण सम्मान समारोह 2025 का आयोजन गरियाबंद जिले में जल्द कराने की मांग भी की गई। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में सम्मान समारोह आयोजित हो चुका है, लेकिन गरियाबंद में पिछले वर्ष का शिक्षक सम्मान कार्यक्रम अब तक नहीं हो पाया है।
संघ ने बताया कि विकासखंडों से सम्मान के लिए प्रस्ताव जिला कार्यालय को भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद समारोह के आयोजन को लेकर ठोस पहल नहीं हुई है।


प्रधान पाठक पदोन्नति का मामला भी उठाया
शिक्षक संघ ने विभागीय परीक्षा में शामिल होने के लिए समय पर अनुमति नहीं मिलने की समस्या भी जिला शिक्षा अधिकारी के सामने रखी। इसके अलावा प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति प्रक्रिया लंबित होने का मुद्दा उठाया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में अर्जित शैक्षणिक योग्यता का इंद्राज नहीं होने की समस्या भी बताई गई। संघ ने कहा कि इससे शिक्षकों को विभागीय कार्यों और भविष्य में मिलने वाले लाभों में परेशानी हो सकती है।
जनगणना ड्यूटी करने वाले शिक्षकों के अवकाश का इंद्राज
ज्ञापन में जनगणना ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों के अर्जित अवकाश का सेवा पुस्तिका में संधारण नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने सभी पात्र शिक्षकों के अर्जित अवकाश का नियमानुसार सेवा पुस्तिका में इंद्राज कराने की मांग की।
एकल शिक्षकीय स्कूलों में स्थायी पदस्थापना की मांग
संघ ने एकल शिक्षकीय विद्यालयों में अतिशेष शिक्षकों की वरिष्ठता के आधार पर स्थायी पदस्थापना करने की मांग रखी। साथ ही शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में सेवा प्रदाता शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की गई, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन
सर्व शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू ने कहा कि शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले लंबे समय से लंबित हैं। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से इनका जल्द निराकरण करने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो शिक्षक हित में आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर गरियाबंद, संचालक लोक शिक्षण नवा रायपुर और संयुक्त संचालक रायपुर को भी भेजी गई है।





