गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। वे अपनी इनोवा कार से निजी निवास से राजधानी की ओर जा रहे थे, तभी राजापड़ाव के पहले हाईवे के एक मोड़ पर सामने से आ रही पिकअप ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
मोड़ पर आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा जुगाड़ और मैनपुर थाना क्षेत्र के बीच हुआ। राजापड़ाव से पहले हाईवे के मोड़ पर गरियाबंद की ओर से आ रही पिकअप सामने से जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा से जा भिड़ी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
एक महीने पहले रेंजर समेत दो लोगों की हुई थी मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नेशनल हाईवे-130 सी पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा बारिश के दौरान हादसों के लिहाज से बेहद संवेदनशील बना हुआ है।
अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं होने के कारण कई जगह वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
करीब एक महीने पहले भी इसी हाईवे पर हुए सड़क हादसे में देवभोग रेंजर और उनके चालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद अब इस मार्ग की सड़क सुरक्षा और चौड़ीकरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।





