गरियाबंद। जिले के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया।
भर्ती होने के अगले दिन उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, धमतरी निवासी युवक को नशे की लत छुड़ाने के लिए घटना से एक दिन पहले ही नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। भर्ती होने के अगले दिन वह बाथरूम में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर फांसी लगाने का प्रयास किया।
काफी देर तक युवक के बाथरूम से बाहर नहीं आने पर केंद्र में मौजूद लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर युवक को निकाला बाहर
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और तत्काल जिला चिकित्सालय गरियाबंद पहुंचाया।
युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
समाज कल्याण विभाग ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटना की जांच कराने की बात कही है।
फिलहाल युवक ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।





