गरियाबंद। जिले में पेट्रोल पंपों पर बोतल, जरीकेन और प्लास्टिक डिब्बों में पेट्रोल देने पर लगी रोक के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक पेट्रोल खत्म होने के बाद ऐसा देसी जुगाड़ लेकर पंप पहुंचा कि वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार मामला शांति फ्यूल्स पेट्रोल पंप का है। युवक की बाइक रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के कारण बंद हो गई थी। बोतल या जरीकेन में पेट्रोल नहीं मिलने पर उसने अनोखा तरीका अपनाया और अपनी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया।
पेट्रोल पंप परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अंदर बाइक देखकर कर्मचारी और मौजूद लोग कुछ देर तक हैरान रह गए। बाद में युवक ने बाइक में पेट्रोल भरवाया और वहां से रवाना हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इधर देवभोग ब्लॉक में डीजल आपूर्ति को लेकर भी स्थिति प्रभावित बताई जा रही है। दोपहर बाद से देर रात तक पेट्रोल पंपों पर ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लग रही हैं। प्रशासन द्वारा डिब्बा और जरीकेन में तेल ले जाने पर रोक के साथ-साथ सीमित मात्रा तय किए जाने के कारण किसानों और ट्रैक्टर संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि सीमित डीजल मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है और जुताई जैसे काम समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से नई गाइडलाइन जारी करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को राहत नहीं दी गई तो आंदोलन किया जाएगा।





