May 18, 2026

गैस सिलेंडर को लेकर अफवाह से बनी स्थिति, देश में कोई कमी नहीं: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

गैस सिलेंडर की कतारों पर उप मुख्यमंत्री का बयान
रायपुर। गैस सिलेंडर को लेकर एजेंसियों में लगी लंबी कतारों के बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अफवाहों के कारण यह स्थिति बनी है। देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

अफवाहों से बचने की अपील, कालाबाजारी पर कार्रवाई
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार कालाबाजारी करने वालों पर लगातार नजर रखे हुए है और इस पर ठोस कार्रवाई की जा रही है।

अफीम की खेती पर कांग्रेस पर साधा निशाना
रायपुर। शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अफीम की खेती के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफीम की खेती की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी और आज जो नशे का कारोबार सामने आ रहा है, वह उसी का परिणाम है।

पूरे प्रदेश में सर्वे कर कार्रवाई की तैयारी
रायपुर। अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे राज्य में सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। जहां भी किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आएगी, वहां कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस को राजनीति करने से बचना चाहिए।

प्रदेश में शुरू होगी गौधाम योजना
रायपुर। प्रदेश में आज से गौधाम योजना की शुरुआत की जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गौठान योजना के नाम पर जनता के पैसे का दुरुपयोग किया। हमारी सरकार गौ माता की सेवा के उद्देश्य से गौधाम योजना शुरू कर रही है। इसके तहत प्रदेश में 1460 गौधाम बनाए जाएंगे, जिनमें से 26 को स्वीकृति मिल चुकी है। योजना के तहत चरवाहों को मानदेय और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी की जाएगी।