May 16, 2026

गौरेला पेंड्रा मरवाही: जिले में फाइलेरिया रोधी सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम 10 से 25 फरवरी तक

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 06 फरवरी 2026:
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में फाइलेरिया (हाथीपांव) संक्रमण से बचाव के लिए सामूहिक दवा सेवन दिवस कार्यक्रम 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी योग्य नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा प्रदान की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने बताया कि 10 से 12 फरवरी तक स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य केंद्रों में बूथ लगाकर दवा का वितरण किया जाएगा। 13 से 22 फरवरी तक दवा प्रशासक घर-घर जाकर योग्य व्यक्तियों को दवा खिलाएंगे, और 23 से 25 फरवरी तक किसी कारणवश छूटे व्यक्तियों को दवा सेवन कराया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले में 671 दल कार्यरत रहेंगे और 149 सुपरवाइजर उनकी निगरानी करेंगे। प्रत्येक योग्य व्यक्ति को एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन की दवा दी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन दवाओं से शरीर को कोई हानि नहीं होती। हल्का विपरीत प्रभाव दिखाई देने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी समस्या की स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा, जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर +91-9131962881 या रैपिड रिस्पॉन्स टीम से संपर्क किया जा सकता है।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. ए आई मिंज ने बताया कि फाइलेरिया का स्थायी इलाज नहीं है और एम.डी.ए. अभियान के तहत दी जा रही ट्रिपल ड्रग थेरेपी ही इसका एकमात्र प्रभावी उपाय है। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में सहयोग करें और दवा का सेवन अवश्य करें।