दंतेवाड़ा/गीदम। व्यापारिक नगरी गीदम में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पारिवारिक कार्यक्रम में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-06 निवासी एक परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
ताला तोड़कर अलमारी खंगाली
चोरों ने घर के कमरों में रखी अलमारियों और अन्य सामान को खंगाल डाला। बताया जा रहा है कि आरोपी नकदी राशि के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है।
लौटने पर मिला टूटा ताला
जब परिवार के सदस्य वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे नगदी व जेवरात गायब थे। इसके बाद परिजनों ने तत्काल गीदम पुलिस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोगों में बढ़ी चिंता
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर वार्ड में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।





