रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। रायपुर पहुंचने पर उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वे दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आए हैं। इस दौरान विकसित भारत संकल्प सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के कारण विकास कार्यों को नई गति मिली है।
नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सल समस्या पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए।
इस दौरान ‘ऑपरेशन लोटस’ को लेकर कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कोई ऑपरेशन नहीं चलता। उन्होंने कहा, “जो जैसी करनी करता है, उसका फल वैसा ही भोगता है। कौन क्या कह रहा है, इससे मुझे कोई लेना-देना नहीं है।”
सुप्रीम कोर्ट द्वारा कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा।
अपने दौरे के दौरान गिरिराज सिंह रायपुर में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके अलावा वे हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 13 जून को केंद्रीय मंत्री सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही सदर बाजार और बूढ़ातालाब क्षेत्र में जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच रखेंगे।





