दुर्ग। भिलाई के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं के अचानक चीखने, घबराने और बेहोश होने की घटनाओं से हड़कंप मच गया है। बीते सप्ताह शुक्रवार से अब तक करीब 10 से 15 छात्राएं इस तरह प्रभावित हुई हैं। हालांकि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्राएं पहले अचानक तेज आवाज में चीखने लगती हैं और कुछ ही देर बाद बेहोश हो जाती हैं। सबसे पहले शुक्रवार को तीन छात्राओं को उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया था, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आती रहीं।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, यह घटनाएं केवल दोपहर की पाली में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं में सामने आई हैं। वहीं मॉर्निंग शिफ्ट के विद्यार्थियों में ऐसी कोई घटना दर्ज नहीं हुई है।
मामले की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को दे दी गई है। शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं। फिलहाल छात्राओं के बेहोश होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटनाओं के पीछे स्वास्थ्य संबंधी समस्या, मनोवैज्ञानिक कारण या कोई अन्य वजह जिम्मेदार है। फिलहाल स्कूल प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी बनाए हुए है।





