May 18, 2026

गिरौदपुरी में आग का कहर: 10–12 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

बलौदा बाजार। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल गिरौदपुरी में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना में 10 से 12 झोपड़ीनुमा दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बंदरों की उछल-कूद से ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने आसपास की दुकानों को चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैल गई, लेकिन दुकानदारों और ग्रामीणों ने मिलकर काबू पाने की कोशिश की। करीब एक घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, तब तक अधिकांश दुकानें जल चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि ये दुकानें बाबा गुरु घासीदास मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित थीं, जहां छोटे व्यापारी अपना व्यवसाय करते हैं। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो यह मंदिर परिसर तक पहुंच सकती थी।

घटना के बाद अब इन दुकानदारों के लिए पक्की दुकानों की मांग तेज हो गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत और संबंधित समितियां क्या कदम उठाती हैं।