नई दिल्ली। ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े विवादित विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद मामला काफी चर्चा में आ गया।
कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करती है। GIVA ने कहा कि ब्रांड हमेशा परिवार के साथ खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखता है।
कंपनी ने आगे कहा कि इस बार वह अपने पालतू जानवरों को भी प्यार और जश्न का हिस्सा बनाना चाहती थी। अगर हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो ऐसा करना कंपनी का बिल्कुल इरादा नहीं था।
GIVA ने कहा कि सम्मान के तौर पर विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है।
कंगना रनौत ने साधा था निशाना
विज्ञापन सामने आने के बाद बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कृति सेनन के पहनावे पर सवाल उठाया था। कंगना ने कहा था कि आज महिलाओं के पास पहनावे के कई विकल्प हैं, लेकिन त्योहारों से जुड़े अवसरों पर मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
कंगना ने सवाल किया था कि क्या कोई महिला बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनकर अपने भाई को राखी बांधेगी? उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की अलमारी में कॉकटेल ड्रेस, लहंगा-चोली, जींस, साड़ी, बिकिनी और सलवार-कमीज जैसे कई विकल्प मौजूद हैं।

राहुल गांधी ने किया कृति सेनन का बचाव
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विवाद के बीच कृति सेनन का बचाव किया था। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करने के लिए ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि महिलाएं क्या पहनती हैं, क्या करती हैं और कहां जाती हैं, यह उनकी अपनी पसंद है। उन्होंने महिलाओं को उनकी स्वतंत्रता के लिए निशाना बनाने और ट्रोल करने पर रोक लगाने की अपील की।





