गोवा। गोवा से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक बीजेपी नेता के बेटे पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और उनके अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है।
आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच को सौंपी जांच
मामला कुशावती जिले के कुर्चोरेम इलाके का है। यहां बीजेपी पार्षद सुषांत नाइक के बेटे सोहम नाइक (20) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।

नाबालिगों के साथ शोषण, वीडियो किए वायरल
आरोपी पर आरोप है कि उसने नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया और उनके अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। अब तक दो नाबालिग पीड़िताएं सामने आई हैं, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
POCSO और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट, गोवा चिल्ड्रन एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में और भी पीड़ित सामने आने की आशंका है।
वीडियो वायरल होने से इलाके में तनाव
21 मार्च को जैसे ही अश्लील वीडियो वायरल होने की जानकारी सामने आई, इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्रित हो गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि शुरुआत में पुलिस ने कार्रवाई में ढिलाई बरती, हालांकि बाद में दबाव बढ़ने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अब तक तीन केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस अधीक्षक संतोष देसाई के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अब तक तीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं। दो नाबालिग पीड़िताओं ने अपने बयान भी दर्ज कराए हैं।
डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस
क्राइम ब्रांच अब डिजिटल एंगल से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कितनी लड़कियों को निशाना बनाया और वीडियो किन-किन प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए गए। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से सभी डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है।
सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।





