सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के रेड़ा गांव में गुपचुप खाना करीब 25 लोगों के लिए भारी पड़ गया। एक ही ठेले पर गुपचुप खाने के बाद महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रेड़ा गांव में लगे एक गुपचुप ठेले से लोगों ने चाट-गुपचुप खाया था। कुछ घंटे बाद ही करीब 25 लोगों की तबीयत खराब होने लगी। प्रभावित लोगों में बड़ी संख्या महिलाओं की है, जबकि तीन बच्चे भी बीमार बताए जा रहे हैं। हालत बिगड़ने पर परिजन मरीजों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ मरीज बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ भी पहुंचे हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी मरीजों ने एक ही ठेले से गुपचुप खाया था। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि मरीजों की हालत अब पहले से बेहतर है और मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।





