July 23, 2026

GPM में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, SDM-तहसीलदार समेत कई अधिकारियों के प्रभार बदले

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत जिला मुख्यालय में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच नए सिरे से कार्य विभाजन किया गया है। साथ ही विभिन्न तहसीलों में पदस्थ तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के प्रभार में भी तत्काल प्रभाव से बदलाव किए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मुकेश रावटे को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पीएम ग्राम सड़क योजना, कृषि, क्रेडा, सी-मार्ट, महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क, पीएम जनमन योजना और बैगा विकास प्राधिकरण का प्रभार सौंपा गया है।

वहीं अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे को कानून-व्यवस्था, राजस्व अपील, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, शस्त्र अनुज्ञप्ति नवीनीकरण और खाद्य सुरक्षा संबंधी मामलों की जिम्मेदारी दी गई है।

SDM स्तर पर भी बदलाव

संयुक्त कलेक्टर निकिता मरकाम को मरवाही का एसडीएम बनाया गया है। वे मरवाही तहसील के राजस्व, भू-अर्जन, नजूल और निर्वाचन संबंधी कार्यों का संचालन करेंगी।

डिप्टी कलेक्टर अमित बेक को पेण्ड्रारोड का एसडीएम नियुक्त किया गया है। उन्हें पेण्ड्रारोड, पेण्ड्रा और सकोला तहसील के राजस्व एवं दाण्डिक मामलों के साथ जनगणना शाखा और सत्कार अधिकारी का दायित्व भी सौंपा गया है।

डिप्टी कलेक्टरों को मिले नए विभाग

डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय को स्थापना, वित्त शाखा, जिला नाजरात, समाज कल्याण, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, बाढ़ आपदा प्रबंधन और एनआईसी का प्रभार दिया गया है।

विक्रांत कुमार अंचल को उप जिला निर्वाचन अधिकारी, डीएमएफ, सीएसआर, जेल अधीक्षक, आरटीआई और मुख्यमंत्री जन शिकायत निवारण शाखा का दायित्व सौंपा गया है।

देवेन्द्र कुमार सिरमौर को भू-अभिलेख, डायवर्सन, भू-अर्जन, पासपोर्ट, परीक्षा शाखा, भूइयां कार्यक्रम, डिजिटल सर्वे तथा पुरातत्व एवं पर्यटन विभाग का प्रभारी बनाया गया है।

तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादले

  • शेषनारायण जायसवाल को पेण्ड्रारोड से स्थानांतरित कर पेण्ड्रा का तहसीलदार बनाया गया।
  • प्रीति शर्मा को मरवाही से गौरेला तहसील की जिम्मेदारी दी गई।
  • अविनाश कुजुर को पेण्ड्रा से मरवाही तहसीलदार नियुक्त किया गया।
  • उमेश कुमार चौहान को पेण्ड्रारोड भेजते हुए उप तहसील बस्ती का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
  • रमेश कुमार कमार को उप तहसील निमधा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
  • अंजली मिश्रा को सकोला का प्रभारी तहसीलदार बनाया गया।
  • दशोदा आर्मी को भू-अभिलेख शाखा में सहायक अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

लिंक अधिकारी भी किए गए नियुक्त

अधिकारियों की अनुपस्थिति में शासकीय कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए लिंक ऑफिसर व्यवस्था भी लागू की गई है। जिला पंचायत CEO और अपर कलेक्टर एक-दूसरे के लिंक अधिकारी होंगे। इसी तरह डिप्टी कलेक्टरों और एसडीएम स्तर पर भी लिंक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

कलेक्टर के आदेश के अनुसार गौरेला, पेण्ड्रा नगर पालिका परिषद और मरवाही नगर पंचायत से जुड़े मामलों का अंतिम निराकरण कलेक्टर के माध्यम से ही किया जाएगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।