गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित बकरीद शुभकामना पोस्टर मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है। इस मामले में अमित जोगी की शिकायत पर गौरेला थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्टर वायरल हुआ था, जिसमें अमित जोगी की तस्वीर के साथ बकरीद की शुभकामनाएं दी गई थीं। विवाद तब बढ़ा जब पोस्टर में बकरे के साथ गाय की तस्वीर भी दिखाई गई, जिसे लेकर आपत्ति जताई गई और मामला गरमा गया।
स्थानीय हिंदू संगठनों ने इस पोस्टर पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताया और कार्रवाई की मांग की थी।

वहीं, अमित जोगी ने इसे पूरी तरह फर्जी और छेड़छाड़ किया गया पोस्टर बताते हुए कहा कि उनके आधिकारिक अकाउंट से ऐसा कोई संदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छवि खराब करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश के तहत यह पोस्टर वायरल किया गया।
मामले में दर्ज FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 196, 336(3), 356(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D शामिल हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि डिजिटल माध्यम का दुरुपयोग कर भ्रामक सामग्री फैलाई गई है।

पुलिस अब साइबर सेल की मदद से पोस्टर के मूल स्रोत की पहचान करने में जुटी है। तकनीकी जांच के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्टर किसने तैयार किया और किन-किन माध्यमों से इसे प्रसारित किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




