July 29, 2026

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में सराफा व्यापारी की हत्या पर सियासत गरम, अमित जोगी ने प्रशासन पर उठाए गंभीर सवाल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के कोटमी गांव में सराफा व्यापारी की सरेराह गोली मारकर हत्या और लूटपाट की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रमुख अमित जोगी ने कड़ा बयान देते हुए जिले की कानून-व्यवस्था और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

हत्या से मचा हड़कंप, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
अमित जोगी ने इस हत्याकांड को बेहद चिंताजनक और विचलित करने वाला बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का सीधा परिणाम है।

115 CCTV कैमरों पर सवाल, साजिश की आशंका
उन्होंने जिले में लगाए गए 115 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के बंद होने पर सवाल उठाए हैं। अमित जोगी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कैमरों का एक साथ बंद होना केवल तकनीकी खराबी नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सुरक्षित मार्ग देने के लिए यह स्थिति बनाई गई है।

अवैध कारोबार और तस्करी के आरोप
उन्होंने यह भी दावा किया कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिला अब अवैध कारोबार और ब्लैक इकोनॉमी का केंद्र बनता जा रहा है। उनके अनुसार जिले से अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स, कोयला, रेत और लकड़ी की तस्करी जैसी गतिविधियां बड़े पैमाने पर संचालित हो रही हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों की मिलीभगत और एक संगठित रैकेट के संचालन का भी आरोप लगाया है।

कोटमी घटना को बताया प्रशासनिक विफलता का नतीजा
अमित जोगी ने कहा कि लंबे समय से राजनीतिक और प्रशासनिक सक्रियता की कमी का असर अब जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन पूरी तरह कमजोर हो चुका है और लोगों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।

मुख्य मांगें भी रखीं सामने
उन्होंने मांग की कि कोटमी हत्याकांड के दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, सभी बंद पड़े CCTV कैमरों को तुरंत चालू किया जाए और जिले में सक्रिय अवैध कारोबार एवं तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए।