गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत टेंगनमाढ़ा रेलवे स्टेशन के मुख्य रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव कई हिस्सों में बंट गया और शरीर के अंग करीब 100 मीटर तक रेलवे ट्रैक पर बिखर गए।
लोको पायलट की सूचना पर पहुंची जीआरपी
जानकारी के अनुसार, ट्रैक से गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने मुख्य लाइन पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी। इसके बाद जीआरपी पेंड्रारोड की टीम मौके पर पहुंची और शव के बिखरे हिस्सों को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अब तक नहीं हो सकी पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान हो सके। युवक ने केवल नीले रंग की जींस पहन रखी थी।
लापता व्यक्ति की जानकारी देने की अपील
जीआरपी ने आसपास के गांवों के लोगों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस हुलिये का कोई व्यक्ति लापता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक जानकारी पहुंचाई जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।





