July 31, 2026

GPM News: पंचायत सचिव किशन राठौर निलंबित, अनियमितता और अनुशासनहीनता के आरोप में CEO की कार्रवाई

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने प्रशासनिक अनियमितताओं और अनुशासनहीनता के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सेमरा के तत्कालीन एवं वर्तमान में ग्राम पंचायत तरईगांव के सचिव किशन राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कई गंभीर आरोप पाए गए प्रथम दृष्टया सही

जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार, सचिव किशन राठौर के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। जांच में प्रथम दृष्टया कई गंभीर आरोप सही पाए गए। इनमें शासकीय प्राथमिक शाला भवन के ध्वस्तीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी, मनरेगा कार्यों में मशीनों का अवैध उपयोग, शासकीय संपत्ति का अनुचित इस्तेमाल, न्यायालय एवं विभागीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा शासकीय सेवक रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने जैसे आरोप शामिल हैं।

शो-कॉज नोटिस के बाद हुई कार्रवाई

प्रशासन ने आरोपों के संबंध में सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। हालांकि, उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।

मरवाही रहेगा मुख्यालय

जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान सचिव किशन राठौर का मुख्यालय जनपद पंचायत मरवाही निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।