शिक्षा गुणवत्ता, टीकाकरण और जल संरक्षण पर दिया जोर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 11 फरवरी 2026। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव एवं जीपीएम जिले के प्रभारी सचिव श्री मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने आज कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के साथ जिला अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागवार योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं, स्टाफ की उपलब्धता तथा अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का अपने स्तर पर शीघ्र निराकरण करें तथा जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव न हो, उन्हें वरिष्ठ कार्यालय से समन्वय कर तत्काल निपटाया जाए।
बैठक में उन्होंने शिक्षा गुणवत्ता, टीकाकरण एवं जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए जिले के स्कूलों और विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, पालक-शिक्षक बैठकों के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाने तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
महतारी वंदन योजना में नामों की डुप्लीकेशन से जुड़े मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य सुविधाएं, पशु संगणना एवं टीकाकरण, भू-जल संवर्धन, वाटर रिचार्ज, पेयजल योजनाएं, खनिज-खनन, परिवहन सहित विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने प्रभारी सचिव को आश्वस्त किया कि उनके दिशा-निर्देशों के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए लक्ष्य के अनुसार उपलब्धियां सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में डीएफओ श्रीमती ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, संयुक्त कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे, मुख्य अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बिलासपुर परिक्षेत्र श्री संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




