GPM News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के खोडरी चौकी अंतर्गत ग्राम रानीझाप से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विधवा महिला को प्रेम संबंध के शक में प्रेमी की पत्नी, साले और साले की पत्नी ने बेरहमी से पीटा, निर्वस्त्र किया और पूरे गांव में घुमाया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
🛑 प्रेम प्रसंग बना विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार, गांव की विधवा महिला का एक शादीशुदा पुरुष से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी लगते ही प्रेमी की पत्नी और उसके परिजन आगबबूला हो गए। आरोप है कि उन्होंने पहले महिला के घर में घुसकर उसके बाल खींचे, मारपीट की और फिर उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, महिला के शरीर पर गोबर तक लगाया गया।
🚔 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। महिला को प्राथमिक उपचार दिलाया गया और बयान दर्ज किया गया।
पुलिस ने तीन आरोपियों—
- सरोज राठौर (प्रेमी की पत्नी)
- मनोज राठौर (साला)
- यशोदा राठौर (साले की पत्नी)
को गिरफ्तार कर लिया है।
⚖️ नोटिस पर छोड़े गए आरोपी
गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते पीड़िता पहले गांव से हरि शंकर राठौर के साथ भाग गई थी। वापस लौटने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट कर महिला के कपड़े फाड़ दिए।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया, बाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस पर छोड़ा गया है।
📌 पूरा मामला ऐसे आया सामने
ग्राम रानीझाप निवासी 35 वर्षीय महिला के पति की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद गांव के ही शादीशुदा युवक हरि प्रसाद राठौर से उसका प्रेम संबंध हो गया। सामाजिक दबाव के चलते दोनों 29 अक्टूबर को गांव छोड़कर मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में रहने लगे थे।
शुक्रवार को दोनों गांव लौटे तो तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस चौकी में दोनों पक्षों को बुलाया गया, जहां महिला ने हरि प्रसाद के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके अगले दिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे, हरि प्रसाद की पत्नी सरोज, भाई मनोज और यशोदा अन्य लोगों के साथ महिला के पास पहुंचे और घटना को अंजाम दिया।
🚨 पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। महिला से विस्तृत बयान लिए जा रहे हैं और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।





