July 31, 2026

GPM में डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत मामले में बड़ा मोड़, 40 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही।

जिले के गौरेला विकासखंड के रानीझांप गांव में करंट लगने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना के करीब 40 दिन बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में मासूम के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने पंचायत और बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

30 मई को हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 की सुबह रानीझांप गांव निवासी योगेश कुमार राठौर का डेढ़ वर्षीय पुत्र पार्थ राठौर अपनी मां के साथ आंगनबाड़ी केंद्र गया था। इसी दौरान वह पास में लगे सोलर हैंडपंप के लोहे के स्टैंड के संपर्क में आ गया। आरोप है कि स्टैंड में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

पिता ने लगाए लापरवाही के आरोप

मृतक के पिता योगेश राठौर ने आरोप लगाया कि हैंडपंप की मोटर खराब होने के बाद पंचायत ने तकनीकी नियमों की अनदेखी करते हुए सीधे सोलर स्टैंड से पंप जोड़ दिया था। उनका कहना है कि इसी वजह से लोहे के स्टैंड में करंट दौड़ गया। बेटे को बचाने के दौरान उन्हें भी करंट लगा, लेकिन वे बच गए।

40 दिन बाद निकाला गया शव

परिजनों के मुताबिक, घटना के समय सदमे की वजह से पुलिस को सूचना दिए बिना बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। बाद में शिकायत दर्ज होने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद पिता की सहमति और एसडीएम की अनुमति से प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।

डीकंपोज हो चुका था शव

खोडरी चौकी पुलिस के अनुसार, करीब 40 दिन बीत जाने से शव काफी हद तक डीकंपोज हो चुका था। पंचनामा कार्रवाई के बाद डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। अब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फोरेंसिक जांच की मांग

मृतक के पिता ने शव के अवशेषों की फोरेंसिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो उनके मासूम बेटे की जान बच सकती थी।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।