July 29, 2026

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में सराफा व्यवसायी की हत्या का मामला गहराया, 6 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ, CBI जांच की मांग तेज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमी बाजार में सराफा व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया है। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जेसीसीजे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर उच्च स्तरीय सीबीआई जांच की मांग की और एक ज्ञापन सौंपा।

कलेक्टर कार्यालय पहुंचे परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी आरोपियों का न पकड़ा जाना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इस दौरान मृतक की बेटी भावुक होकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग करती नजर आई।

परिजनों और जेसीसीजे नेताओं ने प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें साप्ताहिक बाजारों में सराफा कारोबारियों के लिए पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करना और सुरक्षा के लिहाज से व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की बात शामिल है।

इस बीच अमित जोगी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को नहीं सौंपी गई, तो पीड़ित परिवार के समर्थन में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस की जांच अब भी जारी है।