May 15, 2026

डोंगरगढ़ में पोते ने दादी की हत्या, लगातार वारदातों से दहशत

रिश्तों को तार-तार करने वाली वारदात, दादी की निर्मम हत्या
धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ के वार्ड क्रमांक 24 कश्मीरी पारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। सोमवार दोपहर हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।

धारदार हथियार से किया ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी पोते ने धारदार चाकू से अपनी बुजुर्ग दादी पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।

नशे की लत और पारिवारिक विवाद बना कारण
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी युवक लंबे समय से नशे का आदी था और उसका अपनी दादी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार पहले भी मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी थीं। ऐसे में इस जघन्य हत्या के पीछे नशे की लत और पारिवारिक तनाव को मुख्य कारण माना जा रहा है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। एफएसएल और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

एक दिन पहले भी हुई थी हत्या, बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही रामाटोला क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की हत्या हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने डोंगरगढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।