रायपुर। छत्तीसगढ़ के करदाताओं, विभागीय अधिकारियों, अधिकृत प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (GSTAT) की रायपुर बेंच आगामी 27 जुलाई से मामलों की सुनवाई शुरू करने जा रही है।
अस्थायी परिसर से होगी शुरुआत
जानकारी के अनुसार, GSTAT रायपुर बेंच की कार्यवाही फिलहाल अस्थायी परिसर से संचालित होगी। यह परिसर नॉर्थ बी-ब्लॉक, सेक्टर-19, वाणिज्यिक कर (GST) भवन, नवा रायपुर अटल नगर में स्थित है।
सोमवार से शुक्रवार तक होगी सुनवाई
GSTAT के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रायपुर बेंच में सभी श्रेणियों के मामलों की सुनवाई सोमवार से शुक्रवार तक की जाएगी। इससे राज्य के करदाताओं और कर मामलों से जुड़े पक्षकारों को अपीलों के निपटारे में सुविधा मिलेगी।
पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी कॉज लिस्ट
ट्रिब्यूनल प्रशासन ने बताया कि प्रतिदिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध मामलों की कॉज लिस्ट GSTAT के आधिकारिक ई-फाइलिंग पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। संबंधित पक्षकार ‘Cause List’ टैब के माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई की तारीख और स्थिति देख सकेंगे।
हितधारकों से नियमित पोर्टल देखने की अपील
ट्रिब्यूनल प्रशासन ने करदाताओं, अधिवक्ताओं, अधिकृत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से अपील की है कि वे अपने मामलों की नवीनतम स्थिति और सुनवाई की तिथियों की जानकारी के लिए नियमित रूप से GSTAT के आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन करते रहें।






