अहमदाबाद। गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि फर्जी और म्यूल बैंक खातों के जरिए ₹324.58 करोड़ से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन किए गए। मामले में अब तक 10 प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
निकोल में छापेमारी से हुआ खुलासा
मामले का खुलासा मई 2026 में अहमदाबाद के निकोल क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान हुआ। SMC ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विजय करडानी को गिरफ्तार किया। उसके पास से टैबलेट, तीन मोबाइल फोन, टीवी सेट, सेटअप बॉक्स, कार समेत करीब ₹15.73 लाख का सामान जब्त किया गया।
मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट की जांच में आईपीएल सीजन के दौरान सक्रिय देशव्यापी ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालन का खुलासा हुआ।
2,000 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल
जांच में पता चला कि आरोपी अवैध धन के लेन-देन के लिए हजारों बैंक खातों का उपयोग कर रहे थे। विजय करडानी के मोबाइल से 281 बैंक खातों की जानकारी मिली, जिनमें से 50 खाते पहले से ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) द्वारा फ्रीज किए जा चुके थे।
वहीं आरोपी अनिल गोकलदास के डिवाइस से 1,907 बैंक खातों का विवरण मिला, जिनमें 304 खाते ब्लॉक पाए गए। पुलिस के अनुसार कुल 354 ऐसे खातों की पहचान हुई है, जिनके खिलाफ देशभर में साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं।
दुबई से संचालित हो रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच में इस पूरे नेटवर्क का दुबई कनेक्शन भी सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक दुबई में बैठे कथित हैंडलर ‘युआन’ ने आरोपी आकाश नायक को वित्तीय संचालन की फ्रेंचाइजी सौंप रखी थी। इसके एवज में उसे कुल मुनाफे का 40 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
आकाश नायक ने आगे कई एजेंटों को 20 से 25 प्रतिशत कमीशन पर सब-फ्रेंचाइजी देकर नेटवर्क का विस्तार किया था। जांच एजेंसियां अब इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की मनी ट्रेल और हवाला कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं।
47 लोगों पर एफआईआर
SMC ने मुख्य आरोपी राजवीरसिंह समेत 47 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों पर गुजरात जुआ अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की विशेष जांच टीम बैंक खातों की फॉरेंसिक जांच, डिजिटल साक्ष्यों और अंतरराष्ट्रीय लेन-देन की पड़ताल में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
अब तक गिरफ्तार 10 आरोपी
- आकाश नायक (मुख्य फ्रेंचाइजी होल्डर)
- अनिल कोटक
- प्रतीक मराडिया
- विजय करडानी
- अश्विन मेंडापारा
- जय उर्फ शंभु कनेरिया
- हिरेन कथारिया
- नवनीत खांभला
- जय उर्फ राजा अघेरा
- मीत कलारिया





