July 29, 2026

कांग्रेस में गुटबाजी पर गुरु खुशवंत साहेब का तंज, बोले- चुनाव आते ही शुरू हो जाता है ‘कुर्सी तोड़ कार्यक्रम’

रायपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर टीएस सिंहदेव और दीपक बैज के बीच चल रही बयानबाजी पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कई गुट हैं। टीएस सिंहदेव गुट, दीपक बैज गुट, भूपेश गुट और न जाने कितने गुट सामने आएंगे। कांग्रेस में लगातार गुटबाजी चल रही है।

उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव आता है, कांग्रेस में “कुर्सी तोड़ कार्यक्रम” शुरू हो जाता है। कांग्रेस सिर्फ भ्रष्टाचार करना जानती है। पार्टी परिवारवाद से ग्रसित है और अपने परिवार व संगठन को ही नहीं संभाल पा रही, लेकिन देश संभालने की बात करती है।

गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस भारत जोड़ने की बात करती है, लेकिन पहले अपनी पार्टी को तो जोड़ ले। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं के पास कोई विचारधारा या सोच नहीं है, वे सिर्फ सत्ता में आकर भ्रष्टाचार करना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली विकास और प्रदेश की उन्नति के लिए जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के लिए सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने कांग्रेस को पहले खुद को संभालने की सलाह दी।

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा के घर-घर संपर्क अभियान को लेकर मंत्री ने कहा कि भाजपा का “सुशासन तिहार” पूरे प्रदेश में चल रहा है। जन चौपाल लगाकर सीधे जनता से संवाद किया जा रहा है और जनता सरकार के कामों से खुश है।

कांग्रेस के “पिटाई” वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को पहले ही पिट चुकी है। 2023 और 2024 के चुनाव में कांग्रेस हार चुकी है और 2028 में भी जनता उन्हें जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता खुद ही एक-दूसरे से लड़ रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि दूसरे देशों की तुलना में भारत में कीमतें नियंत्रित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि जनता को ज्यादा परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के कारण दिक्कतें आ रही हैं, जिसे कांग्रेस को समझना चाहिए।

भाजपा प्रशिक्षण शिविर को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है और संगठनात्मक गतिविधियां लगातार चलती रहती हैं। प्रत्येक जिले में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां कार्यकर्ताओं को संगठन और कार्यशैली की जानकारी दी जा रही है।