रायपुर। हज यात्रा 2027 की तैयारी शुरू हो गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी ने प्रदेश के इच्छुक हज यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग ने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया की घोषणा शीघ्र होने की उम्मीद है। ऐसे में जो लोग हज यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अभी से अपने दस्तावेजों की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए ताकि आवेदन के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पासपोर्ट की वैधता पर विशेष ध्यान देने की अपील
हज कमेटी ने संभावित हज यात्रियों से कहा है कि वे अपना मशीन रीडेबल इंटरनेशनल पासपोर्ट बनवा लें या उसकी वैधता की जांच कर लें। पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक या उससे अधिक अवधि तक होना आवश्यक होगा।
कमेटी का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद सीमित समय में दस्तावेज जमा करने होते हैं। ऐसे में जिन लोगों के पास पासपोर्ट नहीं है, वे समय रहते आवेदन कर उसे बनवा लें।
नए आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
हज कमेटी ने विशेष रूप से नए पासपोर्ट आवेदकों को सलाह दी है कि वे पासपोर्ट बनवाते समय अपना सरनेम (Last Name) अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। पासपोर्ट में सरनेम का कॉलम खाली नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि भविष्य में हज आवेदन और अन्य दस्तावेजी प्रक्रियाओं में इससे दिक्कतें आ सकती हैं।
हज कमेटी से प्राप्त कर सकते हैं जानकारी
हज यात्रा 2027 से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय, मुखर्जी बाड़ा, बैरन बाजार, रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। कमेटी ने यात्रियों से अपील की है कि वे आधिकारिक घोषणा का इंतजार करने के साथ-साथ अपनी दस्तावेजी तैयारियां अभी से पूरी कर लें।
हज कमेटी का मानना है कि समय रहते पासपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार होने से आवेदन प्रक्रिया सरल होगी और इच्छुक यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।





