रायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और लोक-परंपरा के प्रतीक पर्व हरेली के अवसर पर नवा रायपुर में भव्य और गरिमामय आयोजन होने जा रहा है। राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा आयोजित विशेष ‘हरेली अऊ गृह प्रवेश’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित शासन और संगठन का शीर्ष नेतृत्व शामिल होगा।
यह कार्यक्रम बुधवार 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित एम-12 आवास परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोक-परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी।
छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व का धार्मिक और कृषि की दृष्टि से विशेष महत्व है। इस दिन किसान अपने हल, नागर और कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं तथा अच्छी फसल और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। हरेली के साथ गृह प्रवेश के इस शुभ अवसर को लेकर मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रदेशवासियों और शुभचिंतकों को पारंपरिक ‘नेवता’ भेजा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के साथ लोक-संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हरेली पर्व की परंपराओं को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।





