July 23, 2026

बलरामपुर में स्कूल जा रहे हेडमास्टर की गला रेतकर हत्या, जमीनी विवाद की आशंका, जांच तेज

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक हेडमास्टर की दिनदहाड़े हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। त्रिकुंड थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे हेडमास्टर की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल जाते समय किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वे ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए जा रहे साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की है।

जमीनी विवाद की आशंका, कई लोग हिरासत में

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।