रायगढ़। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। रायगढ़ और ओडिशा सीमा क्षेत्र में एक हाथी का पानी में नहाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए हाथी गांव के पास बने एक पोखर में पहुंचा और काफी देर तक पानी में स्नान करता रहा।
बताया जा रहा है कि बढ़ते तापमान और जंगलों में सूखते जलस्रोतों के कारण वन्यजीव अब पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। वायरल वीडियो में हाथी अपनी सूंड से बार-बार शरीर पर पानी डालते हुए नजर आ रहा है। यह भावुक और दिलचस्प नजारा देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरे में इसे रिकॉर्ड कर लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथी काफी देर तक पोखर में रहा और फिर जंगल की ओर लौट गया। वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे सोशल media पर खूब साझा कर रहे हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के चलते हाथियों समेत अन्य वन्यजीवों का गांवों की ओर आना बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने और किसी भी स्थिति में उन्हें परेशान न करने की सलाह दी गई है।





