May 15, 2026

हर्बल सैनिटाइजर में छात्रों का कमाल: नीम-तुलसी से तैयार किया सस्ता और सुरक्षित विकल्प

बलौदाबाजार। शासकीय दाउ कल्याण सिंह महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के MSc फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने एक प्रभावी हर्बल हैंड सैनिटाइजर तैयार किया है। इस सैनिटाइजर में नीम, तुलसी, एलोवेरा और नींबू जैसे प्राकृतिक तत्वों का उपयोग किया गया है, जो त्वचा के लिए सुरक्षित होने के साथ-साथ जीवाणुरोधी गुणों से भरपूर हैं।

इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य बाजार में उपलब्ध केमिकल आधारित सैनिटाइजर का सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प तैयार करना है। लैब परीक्षणों में यह सैनिटाइजर हाथों को साफ रखने में प्रभावी पाया गया है और बार-बार उपयोग करने पर त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचाता।

यह उपलब्धि डॉ. ज्योति दीवान के निर्देशन में विभागाध्यक्ष गणेश राम कुर्रे, डॉ. आकांक्षा एक्का और सहायक प्राध्यापक रुपेश देवांगन के मार्गदर्शन में हासिल की गई है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. उपाध्याय ने विद्यार्थियों के इस नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे प्रयोग जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस प्रोजेक्ट में एमएससी रसायन विज्ञान के छात्र-छात्राएं मधु, शालिनी, शोभना, तेजस्वी, पूजा, प्रीति वर्मा, निधि, नेहा, तरुण, धनेश्वर सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने प्राचार्य को अपने प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए आगे भी नए उत्पाद विकसित करने का संकल्प लिया।