July 30, 2026

CM हाउस में 5 घंटे चली हाई लेवल बैठक, चुनावी रणनीति और कार्यक्रमों की समीक्षा पर हुआ मंथन

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी निवास में गुरुवार देर रात हाई लेवल बैठक आयोजित की गई। करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक देर रात लगभग 2 बजे समाप्त हुई।

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश और प्रदेश के बाहर दौरे पर मौजूद कई मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था। बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न अटकलें लगाई जा रही थीं, हालांकि बैठक के बाद नेताओं ने इसे नियमित समीक्षा बैठक बताया।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच इस प्रकार की बैठकें नियमित रूप से आयोजित होती हैं। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और क्षेत्रीय दौरों को लेकर रणनीति तैयार की गई है। साथ ही मंत्रियों और विधायकों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई नियमित बैठक थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और आगामी चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

मंत्री रामविचार नेताम ने बैठक के बाद कहा कि सभी तरह की अटकलें निराधार हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “सब सुरक्षित है और छत्तीसगढ़ भी सुरक्षित है।”

वहीं मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में मंत्रियों और विधायकों के प्रभार क्षेत्रों के दौरे, केंद्र सरकार की उपलब्धियों से जुड़े कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।

हालांकि बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में मंत्रिमंडल फेरबदल सहित कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन बैठक में शामिल नेताओं ने इसे सत्ता और संगठन के बीच समन्वय तथा कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आयोजित नियमित बैठक बताया।