Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सामने अब मेजबान नीदरलैंड की कड़ी चुनौती है। पूल-डी में तीन मुकाबलों में दो जीत और एक हार के साथ भारतीय टीम ने टॉप-8 में जगह बना ली है। अब टीम इंडिया को पूल-ई में रखा गया है, जहां उसके साथ इंग्लैंड, नीदरलैंड और अर्जेंटीना की टीमें हैं।
इस चरण में भारतीय टीम नीदरलैंड और अर्जेंटीना के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। भारत का पहला मुकाबला आज मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच एम्सटेलवीन के वेगेनेर स्टेडियम में खेला जाएगा।
नीदरलैंड के खिलाफ कड़ी चुनौती
नीदरलैंड ने वर्ल्ड कप के पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन किया है। मेजबान टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर अगले चरण में जगह बनाई है। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है।
भारत के लिए भी यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया को इस चरण में अपने दोनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी। ऐसे में नीदरलैंड के खिलाफ जीत भारत के आगे के सफर के लिए अहम साबित हो सकती है।
भारत-नीदरलैंड हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और नीदरलैंड के बीच अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें नीदरलैंड ने 11 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम 6 मुकाबलों में विजयी रही है। दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में नीदरलैंड का पलड़ा भारी है, लेकिन वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में मौजूदा फॉर्म और मैदान पर प्रदर्शन सबसे ज्यादा मायने रखता है। भारत को जीत के लिए शुरुआत से ही मजबूत रणनीति के साथ उतरना होगा।
कब और कहां होगा भारत-नीदरलैंड मैच?
हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबला 22 अगस्त को एम्सटेलवीन के वेगेनेर स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
भारत में कहां देखें लाइव?
भारतीय दर्शक इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा मैच का प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी उपलब्ध होगा। ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए देखी जा सकेगी।
अब सभी की नजरें वेगेनेर स्टेडियम में होने वाले इस अहम मुकाबले पर टिकी हैं। नीदरलैंड के खिलाफ जीत भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचा सकती है, जबकि हार से टीम की आगे की राह मुश्किल हो सकती है।





