May 15, 2026

Bilaspur News Update : बिलासपुर पुलिस की ईमानदारी, खोया 3 लाख का बैग लौटाया; स्वास्थ्य योजना से शिवांश को मिला जीवनदान

बिलासपुर पुलिस की ईमानदारी की बड़ी मिसाल
बिलासपुर पुलिस ने अपनी सतर्कता और ईमानदारी का परिचय देते हुए 3 लाख रुपए से अधिक मूल्य के सामान से भरा खोया हुआ बैग उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया। यह बैग शिवघाट के पास बस से उतरते समय एक यात्री द्वारा भूलवश छूट गया था। गश्त के दौरान पुलिस को बैग मिला, जिसके बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मालिक की पहचान की। झारखंड निवासी शेख आलमगीर को बुलाकर बैग का ताला खुलवाया गया और पूरी तस्दीक के बाद सामान सुरक्षित सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर युवक ने बिलासपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से शिवांश को मिला नया जीवनदान
बिलासपुर में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना एक परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे 15 वर्षीय शिवांश का इलाज इस योजना के तहत संभव हो पाया। शासन द्वारा दी गई लगभग 15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता से विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया गया। बेटे के स्वस्थ होने पर परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया और इस योजना को गरीब परिवारों के लिए जीवनदायिनी बताया।

वन विभाग के कर्मचारियों से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
कोटा थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने और वनकर्मियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 11 अप्रैल की सुबह की है, जब वन विभाग की टीम करपिहा जंगल में ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान लकड़ी चोरी के विवाद को लेकर कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

खाद व्यापारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर रखा बंद
मुंगेली जिले में थोक और फुटकर खाद्य व्यापारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापारियों ने केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालयों के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कई समस्याएं उठाईं। उन्होंने मांग की कि उर्वरक कंपनियों द्वारा सब्सिडी वाले खाद के साथ अन्य उत्पादों को जबरन बेचने की बाध्यता समाप्त की जाए, सप्लाई व्यवस्था में सुधार किया जाए और बढ़ती लागत को देखते हुए डीलरों का मार्जिन कम से कम 8 प्रतिशत किया जाए।

लापता स्कूल लिपिक का तालाब में मिला शव, क्षेत्र में शोक का माहौल
अकलतरा क्षेत्र के नरियरा में लापता चल रहे स्कूल लिपिक रामकुमार निर्मलकर का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वे 13 अप्रैल को घर से नहाने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने खोजबीन के बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पानी में लंबे समय तक डूबे रहने के कारण शव की स्थिति खराब हो गई थी, जिसके चलते पोस्टमार्टम के बाद जल्द अंतिम संस्कार किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे मानसिक तनाव में थे।

दिव्यांग योजनाओं में अनियमितता और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप
जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले में दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं में भारी अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। दिव्यांग हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन के दौरान ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि योजनाओं का लाभ देने के नाम पर 3 हजार से लेकर 20 हजार रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं।

टीपाखोल डैम में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत
रायगढ़ जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र स्थित टीपाखोल डैम में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 17 वर्षीय सार्थक वैष्णव के रूप में हुई है, जो शनिवार को घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन डैम किनारे उसकी बाइक और चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।