July 23, 2026

200 रुपये के बिल पर बवाल: अस्पताल में चाकू लहराकर हंगामा, दो आरोपियों पर केस दर्ज

बिलासपुर। तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इलाज कराने पहुंचे दो युवकों पर अस्पताल परिसर में हंगामा करने, चाकू लहराकर कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाने तथा तोड़फोड़ करने का आरोप है। घटना के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बोरी फैक्ट्री के पास तिफरा निवासी नारायण मिश्रा न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 15 जून की रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के बाद बिल भुगतान को लेकर उनकी अस्पताल कर्मचारियों वाशु और प्रियंका से बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ता देख सुरक्षा गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वे भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर लहराया और गार्ड को जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद दोनों युवक अस्पताल से बाहर निकल गए। मामले की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।