जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में जगदलपुर, अंबिकापुर और राजनंदगांव के बाद अब जांजगीर-चांपा जिला एवं सत्र न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह कोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने से हड़कंप मच गया।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस को तत्काल अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुँची और सुरक्षा के लिहाज से पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया।
डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता (BDS) की मदद से कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था अस्थायी रूप से और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश।
गौरतलब है कि बुधवार को ही एक दिन के भीतर चार जिलों—जगदलपुर, अंबिकापुर, राजनंदगांव और जांजगीर-चांपा के जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले हैं, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय का बयान
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि अज्ञात आरोपी द्वारा ई-मेल के माध्यम से जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुँचा और पूरी तरह जांच की गई।
उन्होंने कहा, “फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। ई-मेल कहां से आया और किसने भेजा, इसकी जांच जारी है।”





