July 30, 2026

रायपुर की बेटी IAS श्रद्धा शुक्ला का कैडर बदला, अब मध्यप्रदेश में देंगी सेवाएं

रायपुर। रायपुर की बेटी और 2022 बैच की आईएएस अधिकारी श्रद्धा शुक्ला का कैडर बदलकर मध्यप्रदेश कर दिया गया है। इससे पहले वह तेलंगाना कैडर में पदस्थ थीं। विवाह के बाद केंद्र सरकार की कॉमन कैडर नीति के तहत उन्होंने अपने पति के साथ मध्यप्रदेश में सेवाएं देने का विकल्प चुना।

श्रद्धा शुक्ला, कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला की पुत्री हैं। कुछ माह पूर्व उनका विवाह मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी ऐश्वर्या वर्मा से हुआ था।

विवाह के बाद पति-पत्नी को एक ही राज्य में सेवाएं देने की सुविधा प्रदान करने वाली कॉमन कैडर नीति के तहत श्रद्धा शुक्ला ने मध्यप्रदेश कैडर का विकल्प चुना। इसके बाद उनका कैडर तेलंगाना से बदलकर मध्यप्रदेश आवंटित कर दिया गया।

श्रद्धा शुक्ला के कैडर परिवर्तन को लेकर रायपुर समेत प्रशासनिक हलकों में चर्चा का माहौल है। इसे अखिल भारतीय सेवाओं में लागू उस व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पति-पत्नी दोनों अधिकारियों को यथासंभव एक ही राज्य में पदस्थापना देने का प्रयास किया जाता है।

कॉमन कैडर नीति का उद्देश्य वैवाहिक जीवन और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करना है। इसी नीति के तहत विभिन्न अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को विशेष परिस्थितियों में कैडर परिवर्तन की अनुमति दी जाती है।

मध्यप्रदेश कैडर में स्थानांतरण के बाद श्रद्धा शुक्ला अब अपने पति ऐश्वर्या वर्मा के साथ एक ही राज्य में प्रशासनिक सेवाएं देंगी।