गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध खाद परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 280 बोरा डीएपी खाद से भरे एक मेटाडोर को जब्त किया है। जब्त खाद की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है। मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस रात्रि गश्त पर थी, इसी दौरान संदिग्ध मेटाडोर वाहन की जांच की गई। तलाशी लेने पर वाहन में 280 बोरा डीएपी खाद लोड मिला। परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने खाद और वाहन को जब्त कर लिया।
पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि उसे 8 हजार रुपये किराए पर उरमाल के एक लाइसेंसी व्यापारी द्वारा खाद परिवहन के लिए भेजा गया था। खाद को ओडिशा के सीनापाली क्षेत्र से जांगड़ा ले जाया जा रहा था, जहां इसे एक मक्का कारोबारी को सौंपा जाना था।
पुलिस ने जब्त डीएपी खाद को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए कृषि विभाग के सुपुर्द कर दिया है। मामले में खाद परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि रासायनिक खाद की मांग बढ़ने और आपूर्ति प्रभावित होने के कारण कुछ कारोबारी मुनाफाखोरी के उद्देश्य से अवैध तरीके से खाद की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहे हैं। प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और कार्रवाई जारी है।





