July 30, 2026

डिटर्जेंट फैक्ट्री की आड़ में चल रहा था अवैध गुटखा कारोबार, पुलिस ने पकड़ा बड़ा जखीरा

दुर्ग। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। कचांदुर गांव में डिटर्जेंट पाउडर निर्माण के नाम पर किराए पर लिए गए गोदाम में भारी मात्रा में तैयार गुटखा, मीठी सुपारी और निर्माण सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा का गोदाम उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी मोहम्मद शान ने करीब 20 दिन पहले किराए पर लिया था। गोदाम लेने के दौरान उसने डिटर्जेंट पाउडर बनाने का काम शुरू करने की बात कही थी। लेकिन कई दिनों तक संपर्क नहीं होने और किराएदार का मोबाइल लगातार बंद मिलने पर गोदाम मालिक को संदेह हुआ, जिसके बाद उसने जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस टीम ने गोदाम पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान 32 बड़े बोरों में तैयार गुटखा, 32 बोरों में मीठी सुपारी, गुटखा निर्माण में उपयोग होने वाला कच्चा माल, पैकिंग मशीन और मिक्सिंग मशीन बरामद की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में अवैध रूप से जर्दायुक्त गुटखा तैयार कर उसकी पैकेजिंग की जा रही थी।

फिलहाल बरामद सामग्री को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। पुलिस संबंधित आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।