May 14, 2026

डोंगरगढ़ में अवैध शराब का बड़ा भंडाफोड़, 243 लीटर विदेशी शराब जब्त, मुख्य आरोपी फरार

डोंगरगढ़। जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम कातलवाही में दबिश देकर टीम ने भारी मात्रा में मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी शराब और पैकिंग सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई देर शाम शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चली।

प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में बिना सर्च वारंट के भिखारी निषाद के बाड़ी स्थित मकान पर छापा मारा गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस दबिश में नाले के किनारे अवैध भंडारण और शराब की हेराफेरी का खुलासा हुआ।

तलाशी के दौरान कुल 243 बल्क लीटर अवैध व्हिस्की बरामद की गई, जिसमें 264 बोतल (750 एमएल) बॉम्बे व्हिस्की और 250 पाव (180 एमएल) गोवा व्हिस्की शामिल हैं। इसके साथ ही मौके से बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई।

कार्रवाई में नकली पैकेजिंग का पूरा नेटवर्क सामने आया है। टीम ने 200 खाली बोतलें (एमपी लेबल), 500 खाली पाव (छत्तीसगढ़ लेबल), 220 टूटे ढक्कन और 715 साबुत ढक्कन जब्त किए हैं। इससे स्पष्ट है कि यहां अवैध रूप से शराब की री-पैकिंग कर सप्लाई का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध शराब से जुड़े कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन नेटवर्क के मुख्य सरगना तक अब तक कार्रवाई नहीं पहुंच पाई है। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।