रायपुर। गैस किल्लत की समस्या के बीच पुलिस ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खरोरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने अवैध रूप से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले में पुलिस ने 45 नग छत्तीसगढ़ गैस के सिलेंडर और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई 25 मार्च को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम चिचोली स्थित शान-ए-पंजाब ढाबा के सामने तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सफेद पिकअप वाहन (CG 04 QK 6282) को घेराबंदी कर पकड़ा। जांच के दौरान वाहन से एक खाली इंडियन कंपनी का सिलेंडर, 37 भरे हुए और 7 खाली कॉमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए। जब्त सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 74 हजार रुपये और वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
मौके पर मौजूद वाहन चालक गिनेश्वर प्रसाद साहू (32 वर्ष) निवासी कुरूद, थाना आरंग और कंडक्टर लादूराम (29 वर्ष) निवासी जोधपुर (राजस्थान) से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सिलेंडर भूपेश्वर प्रसाद साहू के हैं और वे उसी के निर्देश पर काम कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए सिलेंडर और वाहन जब्त कर लिया है। चूंकि मामला खाद्य विभाग से जुड़ा है, इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य निरीक्षक शुभा गुप्ता को सुपुर्द किया गया है।





