May 16, 2026

आरंग में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, दो खदानें सील, 7 हाइवा वाहन जब्त

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, खदानें सील

आरंग। अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए खनिज विभाग ने मंदिर हसौद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने जांच के दौरान दो चूना पत्थर (क्रेशर) खदानों को सील कर दिया।
जांच में पाया गया कि खदान संचालकों के पास आवश्यक दस्तावेज पूर्ण नहीं थे, जिसके चलते तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई।

इन खदानों पर गिरी गाज

कार्रवाई के दौरान जिन खदानों को सील किया गया, उनमें सीजी एग्रो फार्म (विपिन अग्रवाल एवं के.सी. अग्रवाल) और जय कुमार बजाज, मंदिर हसौद की खदान शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

7 हाइवा वाहन जब्त, अवैध परिवहन पर रोक

जांच के दौरान टीम ने अवैध खनिज परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को भी जब्त किया। इनमें 1 वाहन रेत और 6 वाहन गिट्टी से भरे हुए पाए गए। सभी वाहन बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन कर रहे थे, जिससे शासन को राजस्व हानि हो रही थी।

ऑनलाइन सिस्टम से बढ़ेगी पारदर्शिता

खनिज विभाग के संचालक रजत बंसल के निर्देशानुसार अब पूरे राज्य में खदान संचालन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य किया जा रहा है। इससे अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

अभियान जारी रहेगा: विभाग

अधिकारी उमेश भार्गव ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।